इंदौर के एरोड्रम इलाके में रविवार रात सड़क हादसे में एक व्यापारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराने के बाद कमल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एरोड्रम पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कमल (44) पुत्र दुर्गाशंकर वागेला निवासी महावीर कृष्ण एवेन्यू के रूप में हुई है। रात करीब 12 बजे कमल अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहे थे। घर के पास उनके दोस्त दूसरी तरफ मुड़कर चले गए। इसके कुछ देर बाद घर से कुछ दूरी पर कमल हादसे का शिकार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज तलाश रही कमल हेयर कॉस्मेटिक के व्यापारी थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। परिजनों का आरोप है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाश रही है, जिसके बाद हादसे की स्थिति स्पष्ट होगी। एमआर-10 रेलवे लाइन के पास मिला प्रॉपर्टी ब्रोकर का शव बाणगंगा इलाके में रविवार रात ट्रेन हादसे में प्रॉपर्टी ब्रोकर की मौत हो गई। एमआर-10 रेलवे लाइन के पास अनिल का शव मिला। उनकी एक्टिवा भी रेलवे पटरी के पास पड़ी थी। पुलिस हादसे के साथ आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अनिल (52) पुत्र दगड़ू फरादे के रूप में हुई है। ट्रेन से टकराने के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। रात में उनके पास मिले मोबाइल के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी मिली। ट्रेन से टकराने की आशंका अनिल के परिवार में दो बेटे हैं। भतीजे रोहित ने बताया कि अनिल रेलवे लाइन के पास कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। परिवार ने किसी तरह के कर्ज या अन्य परेशानी की जानकारी होने से भी इनकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है। परिवार के बयान और मोबाइल की डिटेल की जांच के बाद मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। छात्र की मौत, दोस्त घायल रविवार रात इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर हादसे में बुध नगर निवासी छात्र कुलदीप पुत्र संतोष सुनहरे की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त विशाल घायल हो गया। कुलदीप दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 10 बजे पिता ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो पता चला कि वह एंबुलेंस में है और जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुलदीप 12वीं के बाद आईआईटी से मैकेनिकल डिप्लोमा कर रहा था। एरोड्रम पुलिस के मुताबिक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। पिता ने हादसे को लेकर संदेह जताया है। पुलिस जांच कर रही है।

