इंदौर में बस स्टैंड के आसपास के होटलों पर छापा:कहीं मेडिकल सर्टिफिकेट गायब, कहीं पानी की जांच रिपोर्ट नहीं

इंदौर में बस स्टैंड के आसपास के होटलों पर छापा:कहीं मेडिकल सर्टिफिकेट गायब, कहीं पानी की जांच रिपोर्ट नहीं

इंदौर में बस स्टैंड के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की जांच के लिए शनिवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों पर जरूरी दस्तावेज और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं अधूरी मिलीं। कहीं कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र नहीं थे तो कहीं पानी और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। नीलकंठ भोजनालय में रोटी समाचार-पत्र पर रखी हुई मिली। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 8 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के आयुक्त के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। भारतीय भोजनालय में कई दस्तावेज नहीं मिले
साउथ तुकोगंज स्थित भारतीय भोजनालय के निरीक्षण के दौरान खाद्य कर्मियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिली। कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना नोटिस जारी किया जा रहा है। साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल में रखरखाव पर भी सवाल
रानी सराय स्थित साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल में मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र के साथ खाद्य परीक्षण और पानी की जांच रिपोर्ट नहीं मिली। कच्चे खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव की व्यवस्था और खाद्य सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं था। टीम ने यहां से मिर्ची पाउडर और हल्दी पाउडर के 2 नमूने लिए। नीलकंठ भोजनालय में अखबार पर रखी थी रोटी
नीलकंठ भोजनालय में कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान रोटी समाचार-पत्र पर रखी हुई मिली। यहां से पनीर और चावल के 2 नमूने लिए गए। जेके ट्रेडर्स से तेल-दाल के 4 सैंपल
सिंधी कॉलोनी स्थित जेके ट्रेडर्स से सोयाबीन तेल, तिल का तेल, मूंग दाल और तुअर दाल के 4 नमूने लिए गए। सभी 8 नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *