इंदौर के अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव में तीसरे दिन भी गरबा और भक्ति की धूम है। मां की आराधना और आरती के बाद प्रतिभागी पारंपरिक गुजराती धुनों पर गरबा कर रहे हैं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल है। महोत्सव के दूसरे दिन भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान खींचा था। शिव-सती की प्रतिमा के साथ प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही, वहीं हनुमानजी की थीम और राजस्थानी घूमर ने भी लोगों को प्रभावित किया। तीसरे दिन भी गरबा प्रस्तुतियों में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। पारंपरिक धुनों पर कदमताल करते प्रतिभागी उत्साह के साथ महोत्सव में शामिल हो रहे हैं। आयोजन में भक्ति, परंपरा और सामूहिक उल्लास का संगम नजर आ रहा है।

