Driverless Car Pakistan: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ड्राइवरलेस कार के प्रदर्शन के दौरान एक अजीबोगरीब हादसा हो गया। इंटरनेट कनेक्शन टूटते ही रिमोट से चल रही कार का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन से जा टकराई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद लोग इस पर तरह-तरह के मीम्स भी बना रहे हैं। यह घटना इस्लामाबाद के हाई सिक्योरिटी इलाके डी-चौक में हुई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पत्रकार मुहम्मद अलीजा एक तकनीक आधारित ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम का वीडियो बना रहे थे। यह तकनीक एबटाबाद के रहने वाले तकनीक प्रेमी एहसान जफर ने तैयार की है।
इंटरनेट बंद होते ही बिगड़ा कार का नियंत्रण
वायरल वीडियो में मुहम्मद अलीजा कार की आगे वाली सीट पर बैठे नजर आते हैं। वह कार की खूबियों के बारे में जानकारी दे रहे थे। कार उस समय सड़क पर चल रही थी और उसे इंटरनेट के जरिए दूर से कंट्रोल किया जा रहा था। अचानक रिमोट से कार का स्टीयरिंग कंट्रोल बिगड़ गया। कार सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन की तरफ बढ़ने लगी। वीडियो में अलीजा कार को रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। उन्होंने हैंडब्रेक खींचने की कोशिश की, लेकिन कार नहीं रुकी। इसके बाद कार पुलिस वैन से जा टकराई।
तकनीकी खराबी को बताया हादसे की वजह
मुहम्मद अलीजा ने बाद में स्थानीय अखबार डॉन से बातचीत में हादसे की वजह इंटरनेट कनेक्शन में आई दिक्कत को बताया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सब कुछ ठीक चल रहा था। अचानक इंटरनेट में समस्या आई और तकनीकी खराबी के कारण कार नियंत्रण से बाहर हो गई। उनके मुताबिक, कार को इंटरनेट और उपग्रह कनेक्शन के जरिए दूर से चलाया जा रहा था। इंटरनेट कनेक्शन टूटने के बाद कार का कंट्रोल खत्म हो गया और वह पुलिस वाहन से टकरा गई।
मकसद तकनीक को बदनाम करना नहीं
अलीजा ने सोमवार को सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने का मकसद एहसान जफर या उनकी तकनीक का मजाक उड़ाना नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को जागरूक करना था। साथ ही वह यह संदेश देना चाहते थे कि किसी भी नई तकनीक को पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद साबित होने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
अलीजा ने चेतावनी दी कि यह तकनीक अभी पूरी तरह भरोसेमंद मानने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह की तकनीकी खराबी किसी व्यस्त सड़क पर होती, तो इसके नतीजे बेहद गंभीर हो सकते थे।
सुरक्षा सबसे पहले
अलीजा के मुताबिक, हादसे के वक्त डी-चौक परट्रैफिक कम था। इसलिए नुकसान सीमित रहा। लेकिन व्यस्त सड़क पर ऐसी घटना होने पर जान का खतरा पैदा हो सकता था। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के साथ प्रयोग जरूर होने चाहिए, लेकिन सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देनी चाहिए। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने वीडियो को लेकर मीम्स भी साझा किए।

