आलीराजपुर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस परेड ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्य निभाते हुए देशभर में शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस, त्याग और देशसेवा को याद किया। 1959 में हॉट स्प्रिंग में शहीद हुए थे 10 जवान पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सीमा पर गश्त कर रही भारतीय पुलिस की टुकड़ी पर चीनी सेना ने हमला किया था। विषम परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद जवानों ने मुकाबला किया। इस मुठभेड़ में 10 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। उन्हीं जवानों के बलिदान की याद में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। अधिकारियों और पुलिस जवानों ने अर्पित किए पुष्प कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र सेवतिया, प्रधान न्यायाधीश बाल न्यायालय अंशुल चन्द्रा, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, जेल अधीक्षक शशि शरण, एसडीओपी आलीराजपुर शक्तिसिंह चौहान, एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक बंशीलाल कन्नौजे ने किया। इसमें आलीराजपुर, चांदपुर, नानपुर, सोरवा और आंबुआ थानों के प्रभारियों के साथ पुलिस लाइन और यातायात थाने के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

