Diveagar Beach Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेगर समुद्र तट पर पुणे के अलंदी से घूमने पहुंचे छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। समुद्र में डूबने से 11वीं और 12वीं कक्षा के विज्ञान वर्ग के आठ छात्रों की मौत हो गई। सभी छात्र अलंदी की विनर्स एकेडमी कोचिंग क्लास से जुड़े थे। इस घटना के बाद अलंदी में मातम पसरा हुआ है, वहीं दिवेगर में भी शोक का माहौल है।
हादसे के बाद अब छात्रों को ट्रिप पर ले जाने वाली विनर्स एकेडमी को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, अलंदी नगर परिषद में इस कोचिंग संस्थान का आधिकारिक पंजीकरण नहीं है। प्रशासन ने संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
समुद्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र गुरुवार दोपहर दिवेगर बीच पर समुद्र में नहाने और तैरने के लिए उतरे थे। बताया जा रहा है कि उस समय समुद्र में तेज ज्वार था। इसी दौरान दो छात्र समुद्र में एक गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए पांच अन्य छात्र भी पानी में उतर गए और वे भी समुद्र की तेज लहरों में फंस गए। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब 30 से 35 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, इस हादसे में आठ छात्रों की जान चली गई।
विनर्स एकेडमी को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी
हादसे के बाद छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने वाली विनर्स एकेडमी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अलंदी नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माधव खांडेकर के अनुसार, इस संस्थान का नगर परिषद में कोई आधिकारिक पंजीकरण नहीं है। माधव खांडेकर ने कहा कि विनर्स एकेडमी अनधिकृत रूप से संचालित हो रही थी। प्रशासन की ओर से संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी बात कही गई है।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग
आठ छात्रों की मौत के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। माधव खांडेकर ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उचित है। इस हादसे ने छात्रों को शैक्षणिक यात्राओं पर ले जाने की व्यवस्था और उनकी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे में इन छात्रों की गई जान
दिवेगर समुद्र हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भादवलकर, तन्मय दत्तात्रेय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य सतीश वासनकर, राजवीर युवराज वाहिले, प्रणव रामदास बनसोडे और सुमित भरत अहिरे के रूप में हुई है। आठ छात्रों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, अलंदी के लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख है।

