आर्मेनिया में नौकरी का झांसा देकर 2.50 लाख हड़पे:देवरिया के दो युवकों ने फर्जी वीजा और ऑफर लेटर देने का लगाया आरोप

आर्मेनिया में नौकरी का झांसा देकर 2.50 लाख हड़पे:देवरिया के दो युवकों ने फर्जी वीजा और ऑफर लेटर देने का लगाया आरोप

देवरिया में आर्मेनिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुशीनगर के दो युवकों से करीब 2.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उन्हें फर्जी वीजा और ऑफर लेटर दिए गए। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को लार थाना क्षेत्र के गयागीर निवासी भीम यादव के खिलाफ अलग-अलग दो FIR दर्ज की हैं। पुलिस ने इन मामलों की जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को सौंपी है। कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र के ढाढ़ा बुजुर्ग निवासी अनस ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका संपर्क देवरिया के शहीद गेट स्थित रामनवल किशोर मणि कॉम्प्लेक्स में ‘न्यू पेन ग्लोबल रिक्रूटमेंट सॉल्यूशन’ चलाने वाले भीम यादव से हुआ था। आरोप है कि भीम व्हाट्सएप ग्रुप पर विदेश में नौकरी और ऑफर से जुड़ी पोस्ट शेयर करता था। उसने अनस को आर्मेनिया भेजने का भरोसा दिलाया और 28 जनवरी को उसका पासपोर्ट जमा करा लिया। भीम ने बताया कि इस पर 1.80 लाख रुपये का खर्च आएगा। शिकायत के अनुसार, अनस और उसके गांव के अमित मद्धेशिया ने अलग-अलग तरीकों से भीम को पैसे दिए। इसमें 22 फरवरी को UPI के जरिए तीन बार में 30 हजार रुपये, 11 फरवरी को दूसरी UPI ID पर 15 हजार रुपये, 15 हजार रुपये नकद और 13 जुलाई को संतोष शर्मा के खाते में 60 हजार रुपये जमा कराए गए। दूसरे मामले में अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के खोटा निवासी गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फेसबुक के जरिए उसकी रिक्रूटमेंट सॉल्यूशन से जुड़े लोगों से बात हुई। भीम ने उसे अपने ऑफिस बुलाया और पासपोर्ट व अन्य कागज जमा कराए। उसने आर्मेनिया में नौकरी के लिए 1.30 लाख रुपये मांगे। गजेंद्र के अनुसार, उसने 15 अप्रैल को 80 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद 2 जून को बताए गए खाते में 48 हजार और 2 हजार रुपये जमा किए। आरोप है कि जांच में वीजा फर्जी और टूरिस्ट वीजा निकला। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि दोनों मामलों की जांच चल रही है। जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *