Nawazuddin Siddiqui Video: बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) इन दिनों सोशल मीडिया पर एक अलग ही वजह से सुर्खियों में हैं। अभिनेता का एक नया वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक पब्लिक इवेंट के दौरान नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो में कुछ हुआ जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ ऑनलाइन यूजर्स का भी ध्यान खींच लिया है। वीडियो में जब उनका स्वागत पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर किया गया तो नवाजुद्दीन काफी असहज (Uncomfortable) दिखाई दिए।
इवेंट में आरती देख असहज हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी?
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक इवेंट पर पहुंचे, तो गेट पर मौजूद लोग उनका स्वागत करने के लिए आरती की थाली लेकर आगे आए और उनकी आरती उतारने लगे। ऐसे में अभिनेता काफी असहज दिखे। वह इधर-उधर देखने लगे। इसके बाद अभिनेता बिना कोई विवाद खड़ा किए या कुछ बोले, सिर्फ अपने हाथ जोड़ते हुए वहां से चुपचाप निकलकर अंदर चले गए।
कैमरे में कैद हुई उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर आते ही आग की तरह फैल गई। पैपराजी और यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर करना शुरू कर दिया, जिसके बाद इस पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय; यूजर्स ने किए ऐसे कमेंट्स
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। जहां एक तरफ कुछ लोग उनके असहज होने के पीछे उनके धर्म (मुस्लिम होने) को मुख्य कारण बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स ने सवाल खड़े करते हुए लिखा, “क्या वह कोई भगवान हैं, जो उनकी आरती उतारी जा रही है?” एक ने लिखा, “जाहिर सी बात है ये मुस्लिम हैं।” एक और ने लिखा, “इन्हें हर जगह से अनफॉलो कर दो।”
दूसरी तरफ, कुछ फैंस नवाजुद्दीन के समर्थन में भी उतर आए हैं। उनका कहना है कि अभिनेता ने बिना किसी का अपमान किए बेहद शालीनता से सिर्फ हाथ जोड़े और स्थिति को संभालते हुए वहां से आगे बढ़ गए। इसमें किसी भी तरह की बदतमीजी या गलत मंशा नहीं थी। सेलिब्रिटी लाइफ की यही विडंबना होती है कि उनकी हर छोटी-सी हरकत, एक्सप्रेशन और प्रतिक्रिया पर लाखों लोगों की पैनी नजर रहती है, और देखते ही देखते मामूली बातें भी बड़ा मुद्दा बन जाती हैं।

