‘आपने मुझे कभी छोटा महसूस नहीं होने दिया’, ‘द पैराडाइज’ स्टार राघव जुयाल ने एक्टर नानी के लिए लिखा इमोशनल नोट

‘आपने मुझे कभी छोटा महसूस नहीं होने दिया’, ‘द पैराडाइज’ स्टार राघव जुयाल ने एक्टर नानी के लिए लिखा इमोशनल नोट

Raghav Juyal on Nani: श्रीकांत ओडेला की फिल्म ‘द पैराडाइज’, जिसमें नानी मुख्य भूमिका में हैं, गुरुवार (24 सितम्बर) को रिलीज हो गई है। क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया पाने वाली इस फिल्म में राघव जुयाल भी अहम भूमिका में हैं। आज शनिवार (26 सितम्बर) को एक्टर ने इंस्टाग्राम पर नानी के लिए एक लंबा और दिल से लिखा नोट शेयर किया। अपने नोट में उन्होंने बताया कि कैसे नानी ने उन्हें कभी छोटा महसूस नहीं होने दिया और कैसे तेलुगु स्टार ने उनकी बात सुनी और उन्हें समझा।

जिंदगी में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं…

राघव जुयाल ने लिखा, “जिंदगी में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो बिना जाने ही आपकी ‘सेफ प्लेस’ (सुरक्षित जगह) बन जाते हैं। मेरे लिए, नानी दादा उन्हीं लोगों में से एक हैं। मैंने कई बार शब्दों में यह बताने की कोशिश की है कि आप मेरे लिए क्या मायने रखते हैं, और सच कहूं तो, मुझे नहीं लगता कि शब्द कभी इसके लिए काफी होंगे।”

हर मुश्किल मोड़ पर नानी हमेशा साथ खड़े रहे

बॉलीवुड एक्टर ने आगे लिखा कि वे नानी को न सिर्फ एक एक्टर के तौर पर, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी बहुत पसंद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में कभी-कभी चीजें अनिश्चित और शोर-शराबे वाली लग सकती हैं, और ऐसे पल भी आए जब उन्हें लगा कि वे पूरी तरह से रास्ता भटक गए हैं। लेकिन जब भी वे ऐसे मुश्किल मोड़ पर आए, नानी हमेशा उनके साथ खड़े रहे।

आपने मेरी बात सुनी और मुझे समझा

राघव ने लिखा, “दादा, आपने मुझे बिठाकर घंटों तक बातें की हैं। सिनेमा के बारे में, मेरे करियर के बारे में, जिंदगी के बारे में और कभी-कभी बिना किसी खास मकसद के भी। आपने मेरी बात सुनी और मुझे समझा। कन्फ्यूज्ड या इमोशनल होने पर आपने मुझे कभी छोटा महसूस नहीं होने दिया। और किसी तरह, हर बार आपसे बात करने के बाद, मेरे दिल का बोझ थोड़ा हल्का हो जाता है।”

नानी का मार्गदर्शन और साथ

डांसर राघव ने से एक्टर बने राघव ने अपने नोट में यह भी बताया कि नानी उन्हें समझते हैं और उन्हें एक नया नज़रिया दिया है। ‘दसारा’ फिल्म के एक्टर नानी ने उन्हें यह समझने में मदद की कि वह किस तरह की फिल्मों का हिस्सा बनना चाहते हैं।

राघव ने आगे लिखा, “मैं आपके काम, आपकी सोच, आपकी ईमानदारी, आपकी दयालुता और सबसे बढ़कर, आप असल जिंदगी में जैसे इंसान हैं, मैं उसकी तारीफ करता हूं। लेकिन इन सबसे बढ़कर, मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि जिंदगी ने मुझे आप जैसा इंसान तब दिया, जब मुझे ऐसे ही इंसान की सबसे ज्यादा जरूरत थी। नानी दादा, मुझे उम्मीद है कि आप जानते होंगे कि आप मेरे लिए कितने खास हैं।”

कुछ लोग चुपचाप आपके दिल को संभालकर रखते हैं

उन्होंने नानी का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “कुछ लोग आपके करियर में आपका मार्गदर्शन करते हैं। कुछ लोग चुपचाप आपके दिल को संभालकर रखते हैं। आपने मेरे लिए ये दोनों काम किए हैं। मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं, शायद मैं जितना कहता हूं, उससे कहीं ज्यादा।”

‘द पैराडाइज’ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन

‘द पैराडाइज’ ने बुधवार (23 सितम्बर) को पेड प्रीव्यू से बॉक्स ऑफिस पर 11.60 करोड़ रुपये कमाए। गुरुवार (24 सितम्बर) को फिल्म ने 34.65 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन शुक्रवार को इसमें गिरावट आई और इसने 14.90 करोड़ रुपये कमाए। अब तक, फिल्म ने भारत में 61.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *