कोटा जिले के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 1 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के साथ ही जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में ओपीडी (OPD) के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। अब मरीज सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक अस्पतालों में डॉक्टरों से परामर्श और इलाज प्राप्त कर सकेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र नागर ने इस व्यवस्था की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि यह समय सारणी 1 अक्टूबर से लागू होकर अगले साल 31 मार्च तक प्रभावी रहेगी। ओपीडी का नया समय जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में सामान्य दिनों में सोमवार से शनिवार तक ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगी। रविवार और सरकारी छुटटी के दिन ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक केवल 2 घंटे ओपीडी संचालित होगी। समय बदलने के साथ ही पर्ची काउंटर और दवा वितरण केंद्र भी नए समयानुसार संचालित होंगे। यह समय केवल ओपीडी सेवाओं के लिए बदला गया है। सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं और गंभीर मरीजों के लिए भर्ती व्यवस्था 24 घंटे निर्बाध रूप से चालू रहेंगी। जनता क्लिनिक दो पारियों में चलेंगे जनता क्लिनिक में रोगियों की सुविधा के लिए सेवाएं दो पारियों में संचालित होंगी। जिसमें सुबह की पारी में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक ओपीडी रही। वहीं शाम की पारी में शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक ओपीडी चलेगी। रविवार व छुटटी के दिन एक ही समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक ओपीडी चलेगी।

