आगरा में थाना मलपुरा क्षेत्र में लालऊ पुल के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों 10 फीट उछलकर दूर गिरे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ईको गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जूता फैक्टरी में काम करते थे पिता-पुत्र
एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि कागारौल कस्बे के रहने वाले पप्पू और उनका पुत्र सनी सिकंदरा स्थित एक जूता फैक्टरी में काम करते थे। दोनों गुरुवार को रात की शिफ्ट में काम करने गए थे। देर रात एक्टिवा से घर लौट रहे थे। खेरागढ़ रोड पर लालऊ पुल के पास तेज रफ्तार ईको ने उनकी एक्टिवा में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कई फीट दूर जा गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्र कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद ईको चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

