आगरा पुलिस ने चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में संजय ट्रेवल्स की बस के पूर्व ड्राइवर वैजनाथ की भूमिका सामने आई है। बस से बनारस के व्यापारी के लिए भेजी गई करीब 48 किलो चांदी चोरी की गई थी। आरोपियों ने इटावा के पास सफारी गाड़ी से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो चांदी, चार मोबाइल, दो गाड़ियां और 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामद गाड़ियों में महिंद्रा XUV कार भी शामिल है।
एडीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि संजय ट्रेवल्स की बस से चांदी के कट्टे बनारस के व्यापारी के पास भेजे जाते थे। चांदी से भरे कट्टे बस की सीट के नीचे रखकर ले जाए जाते थे। इसी व्यवस्था की जानकारी होने के कारण आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। कुल दो कुंतल चांदी की खेप में से करीब 48 किलो चांदी चोरी हुई थी।
27 तारीख को चांदी की खेप रिसीव होने के बाद चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पूर्व बस ड्राइवर वैजनाथ और उसके साथियों की भूमिका सामने आई। पुलिस को गोविंद गुप्ता से पूछताछ में भी अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई चांदी को मध्य प्रदेश में गलवाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस संबंध में आगे की जांच कर रही है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

