आगरा में कूड़े के ढेर में मिले तिरंगे:सिकंदरा क्षेत्र का वायरल हो रहा वीडियो, हिंदू महासभा ने पुलिस से की शिकायत

आगरा में कूड़े के ढेर में मिले तिरंगे:सिकंदरा क्षेत्र का वायरल हो रहा वीडियो, हिंदू महासभा ने पुलिस से की शिकायत

सिकंदरा इंडस्ट्रीज एरिया का एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक मेटाडोर से तिरंगा और भगवा झंडे कचरे की तरह फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कूड़ेदान के पास बड़ी संख्या में तिरंगा और भगवा झंडे पड़े मिले। मामले की शिकायत मिलने पर थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और झंडों को बरामद किया। यह मामला स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र से गुजर रहे अखिल भारत हिंदू महासभा के युवा जिला अध्यक्ष विशाल कुमार की नजर कूड़ेदान के पास पड़े झंडों पर पड़ी। उन्होंने इसकी जानकारी संगठन के पदाधिकारियों को दी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता थाना सिकंदरा पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। मेटाडोर से झंडे फेंके गए झंडे हिंदू महासभा के सदस्यों का कहना है कि CCTV फुटेज में एक मेटाडोर से तिरंगा और भगवा झंडे फेंके जाते दिखाई दे रहे हैं। संगठन ने पुलिस से फुटेज की जांच कर झंडे फेंकने वालों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन और उसमें मौजूद लोगों की पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कूड़ेदान के पास से तिरंगा और भगवा झंडे बरामद किए। मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत और जांच के आधार पर की जा रही है। हिंदू महासभा ने दी जिलाधिकारी कार्यालय जाने की चेतावनी हिंदू महासभा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और युवा जिला अध्यक्ष विशाल कुमार ने कहा कि तिरंगे को इस तरह कूड़ेदान में फेंका जाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि संगठन तिरंगे और भगवा ध्वज के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। मीरा राठौर, अवतार गिल, मनीष पंडित, विशाल कुमार, चंदन भारद्वाज, बाबू भाई, नंदू भाई, विपिन राठौर, बंटी देवी, सौरभ शर्मा और नीतू ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता थाना सिकंदरा पहुंचे। संगठन ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारियों ने कहा कि अगर पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जाती है तो अगले दिन दोपहर 12 बजे बरामद तिरंगे और भगवा झंडों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *