स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आगरा नगर निगम की ओर से पार्वती घाट और बल्केश्वर चौराहा क्षेत्र में रविवार को प्लॉग रन, श्रमदान एवं महासफाई अभियान चलाया गया। स्वच्छता संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, विभिन्न जोनों के जोनल स्वच्छता अधिकारियों (जेडएसओ), सफाई मित्रों और सहयोगी संस्था म्यूज़ फाउंडेशन की टीम ने भाग लेकर स्वच्छ एवं सुंदर आगरा का संदेश दिया।
अभियान में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार यादव और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम की विशेष उपस्थिति रही। सभी जोनों के जेडएसओ भी अभियान में शामिल हुए। छत्ता जोन की एसएफआई रचना गुप्ता, जोनल इंचार्ज गुलफाम अंसारी सहित नगर निगम की टीम ने सफाई गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। अभियान के दौरान प्लॉग रन के माध्यम से सड़क और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों से कचरा एकत्र किया गया। इसके बाद पार्वती घाट और आसपास के स्थलों पर श्रमदान कर विशेष साफ-सफाई की गई। नगर निगम की टीम और सफाई मित्रों ने मिलकर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा। प्लॉग रन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नियमित व्यायाम के साथ आसपास बिखरे कचरे को उठाकर भी शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया जा सकता है। नगर निगम और म्यूज़ फाउंडेशन की संयुक्त सहभागिता से आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक दायित्व के रूप में अपनाने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से नागरिकों से भी अपील की गई कि वे घाटों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं तथा आगरा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

