आंख में कुछ चला जाए तो क्या करना चाहिए? Cleveland Clinic से जानें तुरंत क्या करें और किन गलतियों से बचें

आंख में कुछ चला जाए तो क्या करना चाहिए? Cleveland Clinic से जानें तुरंत क्या करें और किन गलतियों से बचें

Eye Care Tips: आंख में धूल, मिट्टी, बाल या कोई छोटा सा कण चले जाने पर अचानक जलन और परेशानी होने लगती है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले आंख को रगड़ने का मन करता है, लेकिन ऐसा करने से आंख को नुकसान पहुंच सकता है। कई बार आंसुओं और पलक झपकाने से छोटा कण अपने आप बाहर निकल जाता है। अगर ऐसा न हो तो आंख को सही तरीके से साफ करना जरूरी होता है। आइए जानते हैं आंख में कुछ चला जाने पर क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।

आंख में कुछ चला जाए तो सबसे पहले क्या करें?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, आंख में कुछ चला जाए तो सबसे पहले हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद शीशे के सामने जाकर देखें कि आंख में गया कण कहां है। इसके लिए निचली पलक को हल्के से नीचे और ऊपरी पलक को ऊपर करके आंख को अलग अलग दिशा में देखने की कोशिश कर सकते हैं। सफेद हिस्से या निचली पलक पर मौजूद छोटे कण को साफ कॉटन स्वैब, टिश्यू या अच्छी तरह धुले हाथ से सावधानी से हटाया जा सकता है। लेकिन अगर कण आंख के रंगीन हिस्से पर चिपका हुआ है तो उसे खुद निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

आंख को पानी से कैसे साफ करें?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक, आंख में कोई बाहरी कण या तरल पदार्थ चला गया है तो उसे साफ पानी, सलाइन या आई वॉश से धोया जा सकता है। पानी की धार बहुत तेज नहीं होनी चाहिए। सिर को एक तरफ झुकाकर पानी को आंख के ऊपर धीरे धीरे बहने दें, ताकि वह आंख पर से होकर बाहर निकल जाए। अगर आंख में कोई केमिकल चला गया है तो आंख को तुरंत पानी से धोना शुरू करना चाहिए और कम से कम 15 मिनट तक धोते रहना चाहिए। कॉन्टैक्ट लेंस लगे हों तो करीब एक मिनट तक आंख धोने के बाद उन्हें निकालने की कोशिश की जा सकती है। अगर लेंस नहीं निकल रहे हैं तो आंख को धोना जारी रखें और जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें।

आंख को रगड़ने से बचें

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, आंख में चोट लगने या कुछ चले जाने के बाद उसे रगड़ना नहीं चाहिए। आंख को रगड़ने से मौजूद कण आंख की सतह पर खरोंच पैदा कर सकता है। छोटे कण के मामले में कई बार पलक झपकाने से आंसू निकलते हैं और कण बाहर आने में मदद मिल सकती है। इसलिए आंख में कुछ जाने पर सबसे पहले आंख को रगड़ने के बजाय उसे आराम देने और साफ पानी से धोने की कोशिश करनी चाहिए।

खुद निकालने की कोशिश न करें

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, अगर कोई चीज आंख में गहराई से फंस गई है या आंख की सतह को चुभ रही है तो उसे खुद निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। आंख में चिमटी या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल करने से चोट बढ़ सकती है। कॉर्निया पर खरोंच आने से दर्द, लालिमा, आंख से पानी आना, धुंधला दिखाई देना और रोशनी से परेशानी जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में आंख को रगड़ने या उसमें किसी चीज से छेड़छाड़ करने के बजाय डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *