यशराज बैनर की आने वाली फिल्म ‘बेपरवाह’ का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। फिल्म में अहान पांडे और शरवरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। पोस्टर के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘बेपरवाह’ अगले साल 26 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया है। बताया जा रहा है कि फिल्म में एक ऐसी प्रेम कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें प्यार के साथ जबरदस्त एक्शन भी होगा। कहानी में इश्क की दीवानगी किस हद तक जाती है, इसे भी दिखाया जाएगा।
‘बेपरवाह’ के मोशन पोस्टर में क्या है?
यशराज बैनर ने फिल्म का मोशन पोस्टर भी जारी किया है। इसमें बैकग्राउंड में अहान पांडे की आवाज सुनाई देती है। वह कहते हैं, “बेपरवाह है इश्क, क्या करूं… बेपरवाह, बेइंतहा करूं। दरमियां कोई भी आए, तो सब तबाह-तबाह-तबाह करूं…।”
अहान पांडे की इन लाइनों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में उनका किरदार प्यार के लिए किसी भी हद तक जाने वाला है। अली अब्बास जफर इस बार ऐसी प्रेम कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसमें प्यार, जुनून और एक्शन तीनों देखने को मिलेंगे।
इसे भी पढ़ें: Prabhas की Fauzi के टीजर पर विवाद, नेताजी को हिटलर से जोड़ने पर भड़के लोग
क्या ‘सैयारा’ जैसी सफलता दोहरा पाएंगे अहान पांडे?
अहान पांडे ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘सैयारा’ से की थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी और इसे भी यशराज बैनर ने बनाया था। अब अहान की दूसरी फिल्म भी यशराज बैनर के साथ ही आ रही है। ‘बेपरवाह’ को लेकर ट्रेड से जुड़े लोगों को काफी उम्मीदें हैं, खासकर इसलिए क्योंकि फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं।
कई लोगों का मानना है कि ‘बेपरवाह’ अहान पांडे को एक बड़े एक्शन स्टार के तौर पर पहचान दिला सकती है और वह आने वाले समय के बड़े स्टार बन सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘बेपरवाह’ के साथ अहान पांडे ‘सैयारा’ जैसी सफलता दोहरा पाते हैं या नहीं।

