अंबेडकरनगर में अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत के अध्यक्ष ओमकार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पदच्युत कर दिया गया है। शासन के आदेश के बाद जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सोमवार को कार्यालय आदेश जारी करते हुए यह कार्रवाई की। आदेश में अध्यक्ष के विरुद्ध प्रतिकूल तथ्य पाए जाने का उल्लेख किया गया है। शासन के आदेश पर हुई कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक यह कार्रवाई प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, नगर विकास अनुभाग-1 के 22 अगस्त 2026 के कार्यालय ज्ञाप के क्रम में की गई है। अध्यक्ष को उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 की धारा 48(2) सहपठित धारा 54(क) के तहत पदच्युत करने की स्वीकृति दी गई है। अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद नगर पंचायत में निर्वाचित बोर्ड के अध्यक्ष की जगह फिलहाल प्रशासनिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। SDM टांडा को बनाया गया प्रशासक जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने उपजिलाधिकारी टांडा संजीव कुमार को नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा का प्रशासक नियुक्त किया है। उन्हें अध्यक्ष की सभी शक्तियां, कृत्य और कर्तव्य सौंपे गए हैं। आदेश में कहा गया है कि संजीव कुमार अपने वर्तमान पद के दायित्वों के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त वेतन या यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। उपचुनाव तक प्रशासक संभालेंगे जिम्मेदारी अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद अब नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था प्रशासक के हाथों में रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक अध्यक्ष के अधिकार और कर्तव्यों का निर्वहन प्रशासक संजीव कुमार करेंगे। इस कार्रवाई के साथ ही अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत में निर्वाचित अध्यक्ष की जगह प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावी हो गई है।

