‘अल्टीमेट रूलर’ की रेस से प्रियंका चौधरी हुईं बाहर? तेज प्रताप ने किया अनाउंस, बोले- हमें मिला है ज्यादा बहुमत

‘अल्टीमेट रूलर’ की रेस से प्रियंका चौधरी हुईं बाहर? तेज प्रताप ने किया अनाउंस, बोले- हमें मिला है ज्यादा बहुमत

Priyanka Chahar Choudhary Out Rise And Fall 2: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सुर्खियां बटोर रहे रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ (Rise and Fall 2) के घर में आए दिन नए और हैरान कर देने वाले ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। टावर की सत्ता और पावर का खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला और कड़ा होता जा रहा है। शो के नए प्रोमो में एक ऐसा बड़ा उलटफेर देखने को मिला है जिसने फैंस को भी हैरान कर दिया है। शो में पावर मिलते ही राजनेता तेज प्रताप यादव ने प्रियंका चाहर चौधरी (Priyanka Chahar Choudhary) को अल्टीमेट रूलर से बाहर करने का फैसला सुनाया है।

तेज प्रताप ने सुनाया प्रियंका चौधरी को लेकर फैसला

सोशल मीडिया पर राइज एंड फॉल 2 से एक नया प्रोमो सामने आया है। जिसमें तेज प्रताप यादव, प्रियंका चाहर चौधरी और इरिना रुडाकोवा एक रूम में बैठे होते हैं और मेकर्स की तरफ से अनाउंसमेंट होती है कि “तेज प्रताप जी, अब आप डिसीजन लेंगे कि कौन सा सदस्य अल्टीमेट रूलर बनने की इस रेस से बाहर होगा?”

तेज प्रताप ने बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे प्रियंका चाहर चौधरी का नाम ले लिया। उन्होंने ऐलान करते हुए कहा, “प्रियंका जी।” जैसे ही तेज प्रताप ने प्रियंका का नाम लिया, वहां मौजूद सभी घरवाले सन्न रह गए। खुद प्रियंका को भी इस फैसले पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने हैरान होकर पूछा, “हाय क्यों?”

इस सवाल का जवाब देते हुए तेज प्रताप ने बेहद शांत और स्पष्ट शब्दों में अपना गणित समझाया। तेज प्रताप बोले, “हमारे खाते में ज्यादा बहुमत आया है इसलिए जीत हमारी हुई। इनके खाते में कम बहुमत आया, बस इतनी सी बात है।”

सोशल मीडिया पर फैंस हुए हैरान

प्रोमो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रियंका चाहर चौधरी के फैंस में भारी खलबली मच गई है। हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि प्रियंका को सिर्फ ‘अल्टीमेट रूलर’ की रेस से बाहर किया गया है या फिर वह शो से बेघर हो चुकी हैं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। प्रियंका शो की सबसे मजबूत दावदारों में से एक मानी जा रही हैं, ऐसे में तेज प्रताप के इस दांव ने गेम के सारे समीकरण बदलकर रख दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *