मैरिस रोड स्थित होटल मैलरोज इन में पकड़े गए जुए के मामले में क्वार्सी पुलिस ने सोमवार देर रात होटल सील कर दिया। विवेचना के दौरान होटल संचालक निखिल अग्रवाल और एक मैनेजर की भूमिका सामने आने पर दोनों को मुकदमे में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने रात करीब 12:30 बजे होटल को सील किया। दूसरे कमरों और बार में भी गतिविधियों की आशंका सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि जुआ कांड की विवेचना अभी जारी है। पुलिस को आशंका है कि होटल के दूसरे कमरों, बार और रूफटॉप बार में भी कुछ गतिविधियां संचालित हो सकती हैं। संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए बार बंद होने के बाद होटल को सील किया गया है। दो दिन पहले कमरे में पकड़ा था जुआ दो दिन पहले क्वार्सी और सिविल लाइंस पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल के कमरा नंबर 202 में छापा मारा था। यहां जुए की फड़ चलती मिली थी। पुलिस ने मौके से 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। मौके से 5 लाख 50 हजार 400 रुपए, 16 मोबाइल, तीन ट्रांसमीटर ईयरपीस, एक जीएसएम ट्रांसमीटर ब्लूटूथ, 19 ताश की गड्डियां, दो कार और 11 बाइक बरामद हुई थीं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। रिसेप्शनिस्ट के बाद होटल प्रबंधन तक पहुंची जांच प्रारंभिक जांच में होटल के रिसेप्शनिस्ट की भूमिका भी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, वह कमरों की बुकिंग और होटल में आने-जाने वालों पर नजर रखने का काम कर रहा था। उसके मोबाइल से जुआ खिलाने वाले लोगों के नंबर मिलने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस की जांच होटल प्रबंधन तक पहुंची। विवेचना में संचालक निखिल अग्रवाल और एक मैनेजर की भूमिका सामने आने पर दोनों को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है। सीसीटीवी और डीवीआर खंगाल रही पुलिस पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और डीवीआर की जांच कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि होटल में जुए की गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच में नए नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। तीन कमरों में ठहरे थे लोग सोमवार रात बार बंद होने के बाद इंस्पेक्टर क्वार्सी अरुण कुमार की अगुवाई में पुलिस होटल पहुंची। उस समय तीन कमरों में लोग ठहरे हुए थे। पुलिस ने उन्हें रात में बाहर निकालने के बजाय सुबह कमरे खाली करने के निर्देश दिए। अब होटल के कमरों के साथ बार, रूफटॉप बार और अन्य हिस्सों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि होटल सील करने का मकसद संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है। शहर में कई होटल संचालित करता है संचालक पुलिस के अनुसार, मैलरोज इन के संचालक निखिल अग्रवाल ने यह होटल किराये पर लेकर संचालित कर रखा है। बताया गया है कि शहर में उसके कई होटल हैं, जबकि कुछ अन्य होटल भी उसने किराये पर ले रखे हैं। इन होटलों से जुड़ी किसी भूमिका की पुष्टि फिलहाल जांच के बाद ही होगी।

