विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत अलवर कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान किया। कॉलेज लाइफ के बाद करीब 10 साल में यह उनका दूसरा रक्तदान था। जांच के दौरान कलेक्टर का हीमोग्लोबिन 12.5 दर्ज किया गया। कलेक्टर के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस पहल में हिस्सा लिया। जिला परिषद के सीइओ यक्ष चौधरी और ओएसडी इलेक्शन अदिति वैष्णव ने भी ब्लड बैंक में रक्तदान किया। जिलेभर में महीनेभर चलेंगे ब्लड डोनेशन कैंप कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने बताया कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पूरे सितंबर/महीने जिले में विशेष रक्तदान शिविर लगेंगे। इसका उद्देश्य जिले में ब्लड की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना ताकि जरूरतमंद और आपातकालीन मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। तैयारी: केवल जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि जिले की सभी सीएचसी (CHC) और पीएचसी (PHC) स्तर पर भी रक्तदान की व्यवस्था की गई है। ‘दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आएं’ कलेक्टर ने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैंने पहली बार अपने कॉलेज के दिनों में ब्लड डोनेट किया था। करीब 10 साल बाद आज दोबारा यह सेवा करने का मौका मिला है।” उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोग आगे आकर मिसाल कायम करें। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. तरुण यादव सहित चिकित्सा विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

