अरुणाचली छात्रों से मारपीट में तीन गिरफ्तार, कई अभी फरार:बीड़ी को लाइटर से जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, कांच की बोतलों से हमला

अरुणाचली छात्रों से मारपीट में तीन गिरफ्तार, कई अभी फरार:बीड़ी को लाइटर से जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, कांच की बोतलों से हमला

मेरठ में अरुणाचल प्रदेश के छात्रों के साथ मारपीट के मामले में परतापुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से ही मामला लगातार तूल पकड़ रहा था। सोमवार को दिल्ली से अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम का प्रतिनिधिमंडल मेरठ पहुंचा और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। अरुणाचल प्रदेश के एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने भी पुलिस के आला अधिकारियों से बात की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। सिगरेट मांगी, बीड़ी देने पर भिड़े युवक
पुलिस के अनुसार, परतापुर क्षेत्र की सुशांत सिटी कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित एक फ्लैट में छात्र प्री-दशहरा के अवसर पर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने पूर्वोत्तर के छात्र संजू तबंग से सिगरेट मांगी। संजू ने सिगरेट नहीं होने की बात कहकर उन्हें बीड़ी दे दी। आरोप है कि बीड़ी को लाइटर से जलाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडे और कांच की बोतलें चलने का आरोप है। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जांच में जुटी पुलिस
मारपीट की सूचना मिलने पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना में पूर्वोत्तर के छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई तेज की। सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के मेरठ पहुंचने और वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किए जाने के बाद मामले में हलचल बढ़ गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को जेल भेजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविशु पुत्र आदेश कुमार निवासी जड़बड़ कटिया, थाना ककरौली ( मुजफ्फरनगर) हाल निवासी वेदव्यासपुरी (हास्टल), अटल डेढ़ा पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी इब्राहिमाबाद गांवड़ी थाना सिंघावली ( बागपत) हाल निवासी भूड़बराल थाना परतापुर और शकांश पुत्र सेठपाल निवासी दयालपुर थाना शाहदरा (दिल्ली) हाल निवासी एफ-111, सेक्टर-3, सुशांत सिटी, थाना परतापुर मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में अभी कुछ अन्य आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *