अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से रेप का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। रविवार 13 सितंबर को पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 8 सितंबर की है। अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के थानी का पुरवा (रास्तामऊ) गांव निवासी अरविंद कुमार पुत्र धर्मराज अपने ननिहाल देवगांव चौकी क्षेत्र के एक गांव में आया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान उसने गांव की 17 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन रेप किया। घटना के बाद किशोरी सहमी हुई घर पहुंची और परिवार को पूरी बात बताई। लेकिन लोक लाज के चलते परिजन थाने नहीं आए हिम्मत करने के बाद किशोरी की 12 सितंबर की शाम मां अपनी बेटी के साथ कुमारगंज थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई थी। रविवार, 13 सितंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में ही मौजूद है। सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

