अम्बेडकरनगर में तेज हवा-बारिश के साथ ओले गिरे:खेतों में खड़ी फसलें गिरीं, किसानों ने मुआवजे की मांग की

अम्बेडकरनगर में तेज हवा-बारिश के साथ ओले गिरे:खेतों में खड़ी फसलें गिरीं, किसानों ने मुआवजे की मांग की

अम्बेडकरनगर में सोमवार दिन में करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ जिले के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। अकबरपुर और जलालपुर तहसील क्षेत्र के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। अचानक मौसम बिगड़ने से दिन में ही अंधेरा छा गया। सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ा। तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के कारण कुछ देर के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। बाजारों में खरीदारी करने निकले लोगों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य स्थानों पर रुकना पड़ा। वहीं सड़कों पर चल रहे दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को भी तेज हवा और बारिश के बीच परेशानी उठानी पड़ी। मौसम में अचानक आए बदलाव का सबसे ज्यादा असर किसानों की चिंता के रूप में सामने आया। खेतों में कई फसलें तैयार होने की स्थिति में हैं। ऐसे में ओलावृष्टि और तेज हवा से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों के तेज हवा के कारण गिरने की भी जानकारी सामने आई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि इस समय फसलें महत्वपूर्ण चरण में हैं। बारिश जहां कुछ फसलों के लिए राहत दे सकती है, वहीं ओलावृष्टि और तेज हवा नुकसान का कारण बन सकती है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर टीम भेजकर फसलों का सर्वे कराने और नुकसान का आकलन कराए जाने की मांग की है। हालांकि सोमवार को हुई ओलावृष्टि और तेज हवा से जिले में फसलों को कितना नुकसान हुआ है, इसकी वास्तविक तस्वीर मौसम सामान्य होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासनिक स्तर पर सर्वे के बाद ही नुकसान का आकलन सामने आने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *