अमेरिकी संसद उम्मीदवार सहित 70 से ज्यादा लोगों को इजराइली फौज ने पकड़ा, क्या है पूरा मामला?

अमेरिकी संसद उम्मीदवार सहित 70 से ज्यादा लोगों को इजराइली फौज ने पकड़ा, क्या है पूरा मामला?

इजराइली सुरक्षा बलों ने अमेरकी संसद चुनाव के उम्मीदवार सहित 70 से ज्यादा लोगों को पकड़ लिया है। इजराइली फौज ने वेस्ट बैंक के एक गांव में जैतून की फसल काटने के दौरान इन लोगों को घेर लिया।

यह घटना हूसान गांव में हुई, जो बेथलहम के पश्चिम में स्थित है। पकड़े गए अमेरिकी संसद उम्मीदवार सहित सभी लोग स्थानीय किसानों और इजराइल कार्यकर्ता के साथ मिलकर फसल काट रहे थे। इस बीच, अचानक सुरक्षा बल पहुंचे और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।

अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार यह अपराध

ब्रैड लैंडर नाम के इस अमेरिकी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने हिरासत के दौरान इजराइली अखबार हारेत्ज से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा- उन्हें हिरासत में लिया जाना अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार अपराध है। जैतून की फसल काटना किसी भी कानून के अनुसार अपराध नहीं है जो मुझे पता हो।

लैंडर न्यूयॉर्क से जुड़े राजनीतिक चेहरे हैं और अमेरिकी संसद का चुनाव लड़ने वाले हैं। घटना में करीब 45 विदेशी कार्यकर्ता और 25 इजराइली कार्यकर्ता शामिल थे।

अज्ञात जगह पर सभी को ले जाया गया

ये इजरायली कार्यकर्ता टी’रुआ नाम के संगठन से जुड़े हैं। यह न्यूयॉर्क स्थित एक यहूदी धार्मिक संगठन है जो मानवाधिकार के मुद्दों पर काम करता है। साथ में स्थानीय फिलिस्तीनी किसान भी थे जो अपनी फसल काट रहे थे।

बता दें कि वेस्ट बैंक में जैतून की फसल हर साल एक बड़ी आजीविका का साधन होती है। कई बार इन इलाकों में फसल के दौरान तनाव बढ़ जाता है। हिरासत में लिए गए लोगों को बसों में बिठाकर अज्ञात जगह ले जाया गया है।

इजराइली मीडिया ने क्या कहा?

इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभी तक उनकी सही जगह या आगे की कार्रवाई की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सिर्फ किसानों की मदद कर रहे थे। फसल के मौसम में ऐसे कई कार्यक्रम होते रहते हैं जहां बाहर के लोग भी शामिल होते हैं।

बता दें कि अमेरिका और इजराइल के रिश्ते लंबे समय से मजबूत माने जाते हैं। ऐसे में एक अमेरिकी उम्मीदवार की हिरासत राजनीतिक चर्चा को बढ़ा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *