Downtown Minneapolis Shooting: अमेरिका के डाउनटाउन मिनियापोलिस में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन मौके पर पहुंच गए और इलाके को घेर लिया। फायरिंग में संदिग्ध हमलावर समेत कम से कम 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 3 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। यह जानकारी ‘फॉक्स न्यूज’ ने दी है।
मिनियापोलिस पुलिस विभाग के सार्जेंट गैरेट पार्टन ने गोलीबारी के बाद मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि संदिग्ध हमलावर की मौत हो गई है। हालांकि, फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि उसकी मौत कैसे हुई।
वहीं, CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अपार्टमेंट बिल्डिंग में फायरिंग स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर हुई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने लोगों से 15 ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट के आसपास के इलाके से दूर रहने की अपील की। शुरुआती जानकारी में पुलिस ने बताया था कि फायरिंग से प्रभावित लोगों में 2 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
अस्पताल में लाए गए मरीज
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फायरिंग से प्रभावित 7 लोगों को इलाज के लिए हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ले जाया गया है। फायरिंग में घायल 3 लोगों की सर्जरी की गई है। हालांकि, उनकी स्थिति के बारे में अभी अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
यूनिवर्सिटी कैंपस में लॉकडाउन
फायरिंग की घटना के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट थॉमस के मिनियापोलिस कैंपस को एहतियात के तौर पर लॉकडाउन कर दिया गया। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता ने CNN को बताया कि किसी संभावित खतरे से बचने के लिए अत्यधिक सावधानी बरतते हुए यह कदम उठाया गया है।
ATF और FBI की टीमें भी मौके पर
ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स (ATF) ने बताया कि उसके विशेष एजेंट ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट और साउथ मार्क्वेट के पास सक्रिय हमलावर की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे।
वहीं, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भी घटना की जानकारी होने की पुष्टि की। इस हमले के संबंध में FBI निदेशक काश पटेल ने कहा कि एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंच रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए जरूरी सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग के कारणों और संदिग्ध हमलावर से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।


Minneapolis Shooting Near Loring Park