अमेठी के मुसाफिरखाना क्षेत्र के कोछित स्थित दंडेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ियों के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सोमवार शाम करीब 5 बजे यह आयोजन हुआ। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. हेलीकॉप्टर में सवार होकर मंदिर पहुंचे और श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई निरीक्षण भी किया। जैसे ही हेलीकॉप्टर दंडेश्वर महादेव मंदिर के ऊपर पहुंचा और आसमान से फूलों की बारिश शुरू हुई, कांवड़ियों ने हाथ उठाकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाए। पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। कई शिवभक्तों ने इस पल को मोबाइल कैमरे में भी कैद किया। सुबह से मंदिर में जुटे थे शिवभक्त सावन के तीसरे सोमवार को दंडेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दूर-दराज से आए कांवड़िए कंधों पर कांवड़ और हाथों में गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया। घंटियों और धार्मिक जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। विधायक ने दो दिन पहले लिखा था पत्र पुष्पवर्षा के दौरान जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी और मुसाफिरखाना एसडीएम नीतेश राज मंदिर परिसर में मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, शिवभक्तों के सम्मान और कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने के उद्देश्य से पुष्पवर्षा कराई गई। स्थानीय विधायक सुरेश पासी ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद सोमवार को हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

