अमृतसर में Punjab Police के ASI पर हमला, बाइक सवारों ने मारी गोली

अमृतसर में Punjab Police के ASI पर हमला, बाइक सवारों ने मारी गोली

चंडीगढ़, पांच अक्टूबर पंजाब के अमृतसर में रविवार शाम मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पर गोली चलाई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अमृतसर में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) में तैनात एएसआई सुखचैन सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सिंह ड्यूटी पूरी करके अपने घर लौट रहे थे। जब वह अमृतसर के जगदेव खुर्द गांव के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। सिंह उस समय मोटरसाइकिल पर सवार थे।

उन्हें उपचार के लिए अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया। रविवार रात अमृतसर के अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने बताया कि वह घर लौट रहे थे, तभी तीन हमलावर पीछे से आए और उन पर गोली चला दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। यह घटना पिछले महीने एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के कुछ ही समय बाद हुई है।

18 सितंबर की देर रात रात अमृतसर की भगतानवाला अनाज मंडी में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘‘आखिर कितने और पुलिसकर्मियों पर हमले होंगे?

भगवंत मान सरकार क्या कर रही है? पंजाब में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब गोलीबारी, हत्याएं या फिरौती की घटनाएं न हों। ‘रंगला पंजाब’?

आज पंजाब गैंगस्टरों के डर में जी रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *