अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह 10 बजे बाइक को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ममता देवी (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में कोमल (26), धर्मेंद्र (28) और 5 वर्षीय शिवा घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है। डिडौली थाना क्षेत्र के दीपपुर गांव निवासी ममता देवी परिवार के साथ बाइक से तिगरी गंगा स्नान के लिए जा रही थीं। बाइक पर उनके साथ कोमल, जीजा धर्मेंद्र और 5 वर्षीय शिवा भी सवार थे। तिगरी मार्ग पर पहुंचते ही बाइक की सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी का उपचार शुरू किया, लेकिन ममता देवी की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया। एंबुलेंस चालक पर लगाया मनमानी का आरोप पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के परिजनों ने निजी एंबुलेंस चालक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि गजरौला सीएचसी से ममता देवी को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन एंबुलेंस चालक उन्हें जिला अस्पताल ले जाने के बजाय चौधरपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर चला गया। परिजनों का आरोप है कि वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कहा- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई गजरौला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


