अमरोहा में गंगा नदी का जलस्तर लगातार घट-बढ़ रहा है। बुधवार को तिगरी में गंगा का जलस्तर 200.50 मीटर दर्ज किया गया। मंगलवार को यह 200.60 मीटर था। यानी 24 घंटे में जलस्तर 10 सेंटीमीटर कम हुआ है। हालांकि, इसी दौरान बिजनौर बैराज से 67,904 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया। बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष चंद गहलौत ने बताया कि बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने के बावजूद तिगरी में गंगा का जलस्तर फिलहाल कम हुआ है। विभाग की ओर से जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। 3 तस्वीरें देखिए- खादर के खेतों में अब भी भरा है पानी गंगा का जलस्तर घटने के बाद भी खादर क्षेत्र के खेतों में पानी भरा हुआ है। इससे किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बनी हुई है। खेतों में पानी जमा होने के कारण पशुओं के लिए चारा लाने में भी ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। पानी कम होने के बावजूद पूरी तरह निकलने में अभी समय लग रहा है। तिगरी घाट पर भी जलभराव, श्रद्धालुओं को सावधानी की सलाह तिगरी गंगा घाट पर भी पानी भरा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्नान के लिए पहुंचने वाले लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से लोगों को गंगा में स्नान के दौरान सावधानी बरतने को कहा जा रहा है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए गंगा किनारे रहने वाले लोगों की भी निगरानी की जा रही है।

