Arijit Singh On Bigg Boss 20: सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज होते ही घर के अंदर मौजूद कंटेस्टेंट्स अलग-अलग वजहों से सुर्खियां बटोर रहे हैं। कोई अपने विवादों को लेकर चर्चा में है तो कोई अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। इसी बीच शो के कंटेस्टेंट काजी तौकीर को लेकर बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह का खास रिएक्शन सामने आया है।
अरिजीत सिंह ने काजी को सपोर्ट करते हुए सोशल मीडिया पर ऐसा संदेश लिखा है, जिसने दोनों की पुरानी दोस्ती और कनेक्शन की यादें ताजा कर दी हैं। खास बात यह है कि अरिजीत ने बताया कि वह पहली बार बिग बॉस देखेंगे और इसकी वजह काजी तौकीर हैं।
काजी के लिए अरिजीत ने क्यों बदला अपना फैसला?
अरिजीत सिंह ने 9 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर काजी तौकीर के बिग बॉस 20 में शामिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मजाकिया और अपनापन भरे अंदाज में कहा कि अब उनके पास शो देखने की एक खास वजह है।
अरिजीत के मुताबिक, काजी के घर में होने की वजह से वो जिंदगी में पहली बार ‘बिग बॉस’ देखने बैठेंगे। उन्होंने काजी को अपना ‘रॉकस्टार’ बताते हुए उनके लिए अपना समर्थन जाहिर किया। अरिजीत का ये पोस्ट सामने आने के बाद काजी के फैंस भी काफी उत्साहित नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों के पुराने कनेक्शन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।
‘फेम गुरुकुल’ से जुड़ा है दोनों का रिश्ता
अरिजीत सिंह और काजी तौकीर की पहचान आज की नहीं है। दोनों करीब दो दशक पहले आए सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से जुड़े रहे हैं। उस दौर में दोनों ने संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की थी। समय के साथ अरिजीत सिंह भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल हो गए, वहीं काजी तौकीर ने भी मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
अब इतने साल बाद काजी को रियलिटी शो के घर में देखकर अरिजीत का उन्हें सपोर्ट करना दोनों के पुराने सफर की याद दिलाता है।
काजी का ‘रॉकस्टार’ अंदाज हो रहा वायरल
बिग बॉस 20 में काजी तौकीर अपने बेबाक और मस्तीभरे अंदाज के कारण दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। शो में उनका एक खास अंदाज और डायलॉग सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। काजी का खुद को ‘रॉकस्टार’ कहने वाला अंदाज उनके व्यक्तित्व का हिस्सा बनता जा रहा है। यही वजह है कि अरिजीत ने भी अपने पोस्ट में उन्हें ‘रॉकस्टार’ कहकर पुकारा।
क्या है बिग बॉस 20 की थीम?
इस सीजन की कमान एक बार फिर सलमान खान के हाथों में है। शो की थीम ‘तथास्तु’ रखी गई है। इस कॉन्सेप्ट के तहत कंटेस्टेंट्स को शो में बने रहने के लिए एक अतिरिक्त मौका मिलने की व्यवस्था बताई गई है।
काजी तौकीर के अलावा इस सीजन में कनिका मान, आसिफ खान, मैरी कॉम, ईशा रिक्खी, ऋति तिवारी, आम्रपाली दुबे, लव गिल, युंग डीएसए उर्फ हर्ष मचारे, स्काउटओपी उर्फ तनमय सिंह, अरिश्फा खान, कुशल तनवर, अमन गांधी और उदिति सिंह जैसे नाम शामिल हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि काजी तौकीर बिग बॉस 20 के सफर में कितनी दूर तक पहुंचते हैं और क्या अरिजीत सिंह का यह ‘रॉकस्टार’ शो में अपनी जगह बनाने में कामयाब होता है।


They did a show together back in 2005. Arijit became a legend after the show, while Qazi disappeared from the limelight, yet their friendship remained just as strong. 
(@lostinchaosssss)