अनंत चतुर्दशी पर निकलेगा गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह:एसडीएम ने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया; पुलिस, होमगार्ड और गोताखोर होंगे तैनात

अनंत चतुर्दशी पर निकलेगा गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह:एसडीएम ने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया; पुलिस, होमगार्ड और गोताखोर होंगे तैनात

रायसेन में अनंत चतुर्दशी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। शहर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन के बाद विसर्जन होगा। प्रशासन ने इसके लिए विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। गुरुवार रात एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार भरत सिंह और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने शहर के प्रमुख गणेश विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सांची रोड स्थित पगनेश्वर विसर्जन स्थल का जायजा लिया। इसके बाद भोपाल रोड स्थित जाखा और माखनी सहित आसपास के अन्य विसर्जन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्थाएं देखीं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। प्रशासन ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। प्रमुख विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल के साथ होमगार्ड जवान और गोताखोर भी तैनात रहेंगे। प्रशासन की निगरानी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो और सुरक्षा बनी रहे। अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर गुरुवार को शहर के गणेश पंडालों में देर रात तक हवन-पूजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शुक्रवार को प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालु ‘श्री गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ भगवान गणेश को विदाई देंगे। श्री हिंदू उत्सव समिति अनंत चतुर्दशी पर महामाया चौक पर एक कार्यक्रम आयोजित करेगी। शहर में सजाई गई गणेश झांकियों के आयोजकों और समिति के सदस्यों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में आकर्षक झांकियों का चल समारोह भी निकाला जाएगा। चल समारोह को लेकर समिति और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *