अधिशासी अभियंता से विवाद के बाद 3 पार्षदों पर FIR:फिरोजाबाद में सरकारी काम में बाधा और गाली-गलौज का आरोप, भुगतान को लेकर हुई कहासुनी

अधिशासी अभियंता से विवाद के बाद 3 पार्षदों पर FIR:फिरोजाबाद में सरकारी काम में बाधा और गाली-गलौज का आरोप, भुगतान को लेकर हुई कहासुनी

फिरोजाबाद नगर निगम में ठेकेदारों के लंबित भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद थाने तक पहुंच गया। अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह की शिकायत पर थाना उत्तर पुलिस ने तीन पार्षदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें भाजपा पार्षद मुनेंद्र यादव और सपा पार्षद सुभाष यादव व शारिक सलीम शामिल हैं। तीनों पर कार्यालय में हंगामा, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है। घटना सोमवार की है। भाजपा पार्षद मुनेंद्र यादव, सपा पार्षद सुभाष यादव और शारिक सलीम समेत कुछ अन्य पार्षद ठेकेदारों के लंबित भुगतान को लेकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान भुगतान के मुद्दे पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और काफी देर तक दोनों पक्षों में तकरार होती रही। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद नगर निगम में पार्षदों और अधिकारियों के बीच हुए विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, पार्षदों ने अधिशासी अभियंता पर ठेकेदारों के भुगतान के लिए अग्रिम कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। पार्षदों ने मामले की शिकायत नगर आयुक्त प्रशांत नागर से भी की थी। भुगतान को लेकर कार्यालय में हुई कहासुनी पार्षदों के अनुसार, वे ठेकेदारों के लंबित भुगतान के संबंध में अधिशासी अभियंता से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान भुगतान को लेकर बातचीत गरमा गई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि भुगतान के लिए अग्रिम कमीशन की मांग की जा रही थी। पार्षदों ने अधिशासी अभियंता पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि ठेकेदारों के भुगतान में किसी तरह की अनियमितता या कमीशनखोरी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अभियंता ने लगाया हंगामा और गाली-गलौज का आरोप दूसरी ओर, अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह ने पार्षदों के खिलाफ थाना उत्तर में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षदों ने कार्यालय में हंगामा किया, गाली-गलौज की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भाजपा पार्षद मुनेंद्र यादव और सपा पार्षद सुभाष यादव व शारिक सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगी स्थिति इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि तीनों पार्षदों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, विवाद से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पार्षदों की ओर से अधिशासी अभियंता पर लगाए गए कमीशन मांगने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *