प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की कुर्क जमीन पर रास्ता बनाकर आसपास की जमीनों में प्लाटिंग करने के मामले में एयरपोर्ट थाने में बिल्डर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों में बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम, उसके भाई मोहम्मद नसरत और मोहम्मद आफताब के अलावा चित्रकूट निवासी युवराज सिंह शामिल हैं। मुकदमा गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे शाहा उर्फ पीपलगांव के लेखपाल मनीष कुमार की तहरीर पर दर्ज किया गया।
गैंगस्टर एक्ट में पहले ही कुर्क हो चुकी है जमीन
लेखपाल की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, शाहा और पीपलगांव स्थित आराजी संख्या 822 में 1.480 हेक्टेयर जमीन सरकारी अभिलेखों में खालिद अजीम उर्फ अशरफ के नाम दर्ज है। इस जमीन को गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले ही कुर्क किया जा चुका है।
आरोप है कि कुर्की की कार्रवाई के बावजूद आरोपियों ने उक्त आराजी में बिना किसी वैधानिक बंटवारे या अनुमति के रास्ते का निर्माण करा दिया। इसके बाद इसी रास्ते का इस्तेमाल आसपास की आराजियों में प्लाटिंग के लिए किए जाने का आरोप है।
लेखपाल ने अपनी तहरीर में इसे नियमविरुद्ध बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जमीन कराई मुक्त
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम भी गुरुवार शाम मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से कुर्क जमीन का निरीक्षण करने के साथ ही वहां किए गए कथित रास्ते के निर्माण को लेकर कार्रवाई की गई और जमीन को मुक्त कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब यह भी देखा जा रहा है कि कुर्की के बावजूद जमीन पर निर्माण और आसपास प्लाटिंग का काम किस तरह कराया गया।
कौन है मोहम्मद मुस्लिम?
एफआईआर में नामजद मोहम्मद मुस्लिम का नाम इससे पहले भी अतीक अहमद के परिवार से जुड़े विवाद में सामने आ चुका है। मोहम्मद मुस्लिम वह बिल्डर है, जिसका माफिया अतीक अहमद के बेटे असद के साथ बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
बाद मेंउसने अतीक अहमद के बेटों उमर- अली समेत अन्य के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में अपहरण, मारपीट और रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा
एयरपोर्ट थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जमीन पर रास्ते के निर्माण और प्लाटिंग से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जाएगी।

