अजमेर: 9वीं की छात्रा से अनुचित व्यवहार पर भड़के ग्रामीण, पुलिस जीप से उतारकर प्रिंसिपल को पीटा; मुंह पर पोती कालिख

अजमेर: 9वीं की छात्रा से अनुचित व्यवहार पर भड़के ग्रामीण, पुलिस जीप से उतारकर प्रिंसिपल को पीटा; मुंह पर पोती कालिख

अजमेर: पुष्कर के निकटवर्ती कड़ैल गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा से अनुचित व्यवहार करने से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर प्रिंसिपल सुशील रिणवा को पुलिस जीप से नीचे उतारकर पिटाई कर दी। इसी बीच प्रगतिशील शिक्षक संघ की एक पदाधिकारी भी मौके पर जा पहुंचीं। जहां उनके द्वारा विद्यालय परिसर में सार्वजनिक रूप से पीड़िता छात्रा से आरोपी प्रिंसिपल के मुंह पर कालिख पुतवाना बताया जा रहा है।

बता दें कि विरोध बढ़ता देख थानाधिकारी अशोक बिस्सु ने पुलिस उपाधीक्षक शमशेर सिंह, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान की मौजूदगी में आरोपी प्रिंसिपल को जीप में पुष्कर थाने पर लाने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण आरोपी की पैदल परेड कराने की मांग करते हुए नारेबाजी कर सड़क पर बैठ गए। एसडीओ तंवर ने पीड़िता छात्रा से विद्यालय कक्ष में जाकर जानकारी लेने के साथ ही लिखित में रिपोर्ट ली। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर थाने पहुंची।

प्रिंसिपल पर छात्रा से अनुचित व्यवहार का आरोप

जानकारी के अनुसार, सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कड़ैल के प्रिंसिपल सुशील कुमार रिणवा पर कक्षा नौ की छात्रा से अनुचित व्यवहार करने की सूचना पर कड़ैल और गुढ़ा सहित निकटवर्ती गांवों के सैकड़ों ग्रामीण स्कूल जा पहुंचे। उन्होंने प्रिंसिपल रिणवा को कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस विद्यालय के पिछले दरवाजे से रिणवा को जीप में बैठाकर ले जाने लगी।

इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर रिणवा को जीप से उतारकर जमकर पीट दिया। पुष्कर थाने से पहुंचे अतिरिक्त जाप्ते ने रिणवा को सुरक्षा घेरे में ले लिया। मौके पर थानाधिकारी अशोक बिस्सु, उपाधीक्षक (ग्रामीण) शमेशर, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए आरोपी को लेकर रवाना होने लगे तो ग्रामीण पुलिस प्रशासन के वाहनों के आगे बैठकर नारेबाजी करते हुए उसे पैदल ले जाने की मांग पर अड़ गए। बीजेपी पुष्कर मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह मझेवला ने पुलिस को घटनाक्रम की लिखित शिकायत सौंपी, जिसके बाद आरोपी प्रिंसिपल को थाने लाया जा सका।

ajmer school principal detained after student complaint probe underway
प्रिंसिपल सुशील रिणवा के मुंह पर कालिख पोतते हुए

वायरल हुआ वीडियो

घटना से संबंधित वीडियो भी सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें विद्यालय के स्टॉफ रूम में कड़ैल विद्यालय के ही अधीन आने वाले राउप्रावि डूंगरिया खुर्द की एक अध्यापिका रोती हुई पीड़िता छात्रा से प्रिंसिपल रिणवा के मुंह पर कालिख पुतवाती नजर आ रही है। छात्रा के ऐसा करने से इनकार के बावजूद उसे कालिख पोतने को कहा जा रहा है। हालांकि ‘पत्रिका’ वायरल हुए वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

मझेवला निशाने पर

इधर, हंगामे के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी को जीप में लेकर थाने के लिए रवाना होते समय पुलिस के साथ पैदल चल रहे पूर्व जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह मझेवला के खिलाफ भी ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया। ग्रामीणों के विरोध के चलते मझेवला को इस घटना की निंदा कर सफाई देनी पड़ी।

इनका कहना है…

कड़ैल के राजकीय विद्यालय के प्रिंसिपल को हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है।
-शमशेर सिंह, उपाधीक्षक (ग्रामीण) अजमेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *