रेवाड़ी जिले के गांव कंवाली निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश का ड्यूटी के दौरान शुक्रवार को दुर्घटना में निधन हो गया। वे राजस्थान के अजमेर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर-1 में चालक के पद पर तैनात थे। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद गांव कंवाली और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। गांव में उनके अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। शहीद को गार्ड ऑफ आर्नर का सम्मान दिया गया। वेदप्रकाश 43 वर्ष के थे और सेवानिवृत्त कमांडेंट ओमप्रकाश के पुत्र थे। वे सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपने पीछे करीब 19 वर्ष का बेटा छोड़ गए हैं। कम उम्र में पिता का साया उठने से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। सीआरपीएफ के जवानों ने दी अंतिम सलामी हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश को अंतिम विदाई देने के लिए सीआरपीएफ के जवान भी पहुंचे। जवानों ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। एक जवान के निधन से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि वेदप्रकाश के जाने से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। पुलिस टीम भी पहुंची, गणमान्य लोगों ने जताया शोक वेदप्रकाश को अंतिम विदाई देने के लिए डहीना पुलिस चौकी से विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उनके अलावा चेयरमैन करनपाल खोला, देशराज (सरपंच प्रतिनिधि), आजाद नांधा (पूर्व पार्षद), पूर्व सरपंच अजय और अमित तथा एम्स कमेटी के अध्यक्ष जगदीश, डीपी सूबेसिंह, कैप्टन हरलाल साहब, लेक्चरर जयसिंह, धर्मसिंह व नौबत सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने वेदप्रकाश के निधन पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गांव कंवाली में वेदप्रकाश के निधन की खबर के बाद से ही शोक का माहौल है। अंतिम विदाई के दौरान ग्रामीणों ने परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिया। लोगों ने दिवंगत वेदप्रकाश को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

