अजगर के रेस्क्यू के लिए कुएं में उतरा कांस्टेबल:नर्मदापुरम में 10 फीट लंबे अजगर को निकालकर जंगल में छोड़ा, रस्सी के सहारे 13 फीट नीचे उतरे

अजगर के रेस्क्यू के लिए कुएं में उतरा कांस्टेबल:नर्मदापुरम में 10 फीट लंबे अजगर को निकालकर जंगल में छोड़ा, रस्सी के सहारे 13 फीट नीचे उतरे

नर्मदापुरम के सेमरी हरचंद चौकी में पदस्थ आरक्षक अतुल शर्मा ने रविवार को कुएं में गिरे करीब 10 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू किया। वह रस्सी के सहारे करीब 12 से 13 फीट गहरे कुएं में उतरे और अजगर को अकेले बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। मामला ग्राम गुराड़िया का है। ग्रामीणों ने कुएं में अजगर गिरने की सूचना पुलिस को दी थी। जानकारी मिलने पर आरक्षक अतुल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर अजगर को पकड़ा और बोरी में भरकर बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, अजगर करीब 10 फीट लंबा था और उसका वजन 10 से 20 किलो के बीच बताया गया है। रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद ग्रामीण आरक्षक की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं। देखें तस्वीरें… सांप पकड़ने का लंबा अनुभव आरक्षक अतुल शर्मा को सांप पकड़ने का लंबा अनुभव है। आसपास के गांवों में सर्प मित्र नहीं मिलने पर वे खुद सांपों का रेस्क्यू करते हैं। अतुल शर्मा ने बताया कि कई बार सांप और अजगर जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। खेतों में उन्हें चूहे, मेंढक और दूसरे छोटे जीव आसानी से मिलते हैं, जिन्हें वे भोजन बनाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि घर या आसपास सांप निकलने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। सर्प मित्रों को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू कराया जाए और सांप को जंगल में छोड़ दिया जाए। तीन साल पहले सांप को CPR देने का वीडियो वायरल हुआ था आरक्षक अतुल शर्मा करीब तीन साल पहले एक सांप को CPR देने के वीडियो के बाद भी चर्चा में आए थे। उस समय उनका वीडियो वायरल हुआ था। उनके मुताबिक, एक सांप घर में घुस गया था। उसे भगाने के लिए लोगों ने कीटनाशक डाल दिया था। इससे सांप अचेत हो गया था। सूचना मिलने पर अतुल शर्मा मौके पर पहुंचे और उसे मुंह से सांस देने की कोशिश की, जिसके बाद सांप के होश में आने की बात उन्होंने बताई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *