अचानक जेल पहुंचे CM विजय, फांसी घर तक का किया निरीक्षण; जानिए क्या था मकसद?

अचानक जेल पहुंचे CM विजय, फांसी घर तक का किया निरीक्षण; जानिए क्या था मकसद?

CM Vijay Puzhal Central Jail: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सीएम विजय अचानक पुझल सेंट्रल जेल पहुंच गए। उनके इस दौरे की जानकारी मिलते ही लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। मुख्यमंत्री का काफिला जेल की ओर बढ़ा तो सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

विजय का अंदाज भी काफी अलग नजर आया। उन्होंने सिर्फ जेल का दौरा नहीं किया, बल्कि वहां की व्यवस्थाओं को करीब से देखा। इसके बाद वह पुझल पुलिस स्टेशन भी पहुंचे। यहां उन्होंने एसएचओ से बातचीत की और पुलिस स्टेशन के कामकाज की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के अचानक जेल पहुंचने को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गईं। हालांकि, इस दौरे का मुख्य फोकस जेल की व्यवस्था, कैदियों को मिलने वाली सुविधाएं और उनके पुनर्वास पर रहा।

कैदियों से मिले CM विजय

मुख्यमंत्री ने पुझल सेंट्रल जेल के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला कैदियों के परिसर का भी दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने कैदियों के वार्ड देखे। विजय ने कुछ कैदियों से बातचीत भी की। उन्होंने उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों से भी उन्होंने जेल की मौजूदा व्यवस्था पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने जेल की रसोई का निरीक्षण किया। यहां कैदियों के लिए तैयार होने वाले खाने की गुणवत्ता देखी। उन्होंने साफ-सफाई पर भी ध्यान दिया। इसके अलावा जेल अस्पताल और क्वारंटाइन क्षेत्र का जायजा लिया गया। नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाएं भी देखी गईं।

फांसी घर का भी किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के दौरे का एक अहम हिस्सा जेल का हाई सिक्योरिटी ब्लॉक रहा। उन्होंने यहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। विजय ने जेल के फांसी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जेल परिसर में मौजूद मुलाकात कक्ष, एकांतवास वार्ड, कक्षाओं और पुस्तकालय का भी दौरा किया। साथ ही उन्नत कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था भी देखी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कैदियों के लिए पढ़ाई और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर देने पर जोर दिया। उनका कहना था कि कैदियों को सुधारने और नई जिंदगी शुरू करने का मौका मिलना चाहिए।

कैदियों के बनाए सामान भी देखे

जेल में कैदियों को अलग-अलग तरह की ट्रेनिंग भी दी जाती है। मुख्यमंत्री ने व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कैदियों द्वारा तैयार किए गए सामान देखे। इनमें सब्जियां रखने के लिए लोहे के रैक, कागज के कवर और ऑफिस फाइल बोर्ड शामिल थे। उन्होंने हथकरघा और सिलाई विभाग का भी दौरा किया। वहां बनाए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *