हिसार पुलिस के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अग्रोहा थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 4,500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। किरोड़ी गांव निवासी कर्ण सिंह पुत्र इन्द्र सिंह ने अग्रोहा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनके घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी हो गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कड़ी से कड़ी जोड़कर पहुंचे आरोपियों तक मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रोहा थाना के उप निरीक्षक नेहरा सिंह के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले संदिग्ध आरोपी संदीप उर्फ सुमित (निवासी रविदास मोहल्ला, किरोड़ी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संदीप से मिली अहम जानकारियों के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल दूसरे आरोपी राकेश उर्फ नवीन (निवासी किरोड़ी) को भी धर दबोचा। बेचे गए जेवर का कैश
आरोपियों ने एक सोने का लॉकेट 23,000 रुपये में बेचा था, जिसमें से 4,500 रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। आमजन की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


