अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की 5150 वीं जयंती मथुरा में आस्था,भक्ति के साथ धूमधाम से मनाई जा रही है। रविवार को अग्र समाज के लोग महाराजा अग्रसेन जी का अलग अलग स्थान पर पूजन कर रहे हैं। मथुरा में अखिल भारतीय अग्रवाल महासम्मेलन संगठन से जुड़े लोगों ने जयंती की पूर्व संध्या पर मसानी स्थित अग्रसेन चौक पर पहुंचकर महाआरती की। वहीं वृंदावन में अग्रवाल सेवा समिति द्वारा 4 दिवसीय महोत्सव की शुरुआत बाइक रैली निकालकर की गई। महाराजा अग्रसेन को अर्पित की भावभीनी पुष्पांजलि अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जी की 5150वी जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महासम्मेलन द्वारा महाराजा अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर महाआरती व अग्रसेन चालीसा का पाठ कर महाराज जी को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित महिला व पुरुषों द्वारा जय घोष के मध्य महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्प वर्षा, माल्यार्पण व आरती कर अपने आपको धन्य माना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के ब्रज प्रांत अध्यक्ष योगेंद्र ट्रेजरी वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिभानु विशाखा गर्ग, उपाध्यक्ष चिराग प्रीति अग्रवाल, संगठन मंत्री ताराचंद राधा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष आशुतोष कल्पना गर्ग (कैडिटी कंप्यूटर), जिला महामंत्री वैभव अग्रवाल, विपिन हिमानी अग्रवाल द्वारा महाराज जी की प्रतिमा पर चंदन टीका, माल्यार्पण व स्वाफा बांधकर किया गया। अग्रसेन चौक पर जलाए दीपक इस दौरान 5150 दीपों को प्रजलित कर संपूर्ण अग्रसेन चौक को प्रकाशमय कर दिया गया व महाराज अग्रसेन चालीसा का संगीतमय पाठ कर महाराज जी की महाआरती की गई। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ब्रजक्षेत्र चैयरमेन योगेंद्र ट्रेजरी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिभानु गर्ग ने कहा कि अपनी प्रतिष्ठापूर्ण संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए अग्रसेन जयंती पर्व पर जो पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है यह सामाजिक एकता व अखंडता का प्रतीक है बिना किसी भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक महाराज जी की सोच को पहुंचाने का लक्ष्य लेकर सम्मेलन द्वारा जो सेवा कार्य किये जा रहे हैं यह अनुकरणीय है। इस शुभ अवसर पर हम प्रण ले की इन सेवा कार्यो को और अधिक तत्परता के साथ आगे बढ़ाएंगे। चार दिवसीय अग्र उत्सव 14 अक्टूबर तक श्री अग्रवाल सेवा समिति द्वारा अग्रकुल प्रवर्तक अग्रसेन महाराज की 5150वीं जयंती विविध धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के मध्य हर्षोल्लास के साथ इस बार अग्र उत्सव के रुप में मनाई जा रही है। समिति द्वारा चार दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष गिरीश सर्राफ ने उत्सव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती होने के कारण इस बार समाज के युवाओं द्वारा महोत्सव को विषिष्ट रुप में मनाने का निर्णय लिया गया है। अग्र उत्सव की शुरुआत रविवार को वाहनों द्वारा नगर प्रभात फेरी से होगी। जिसके बाद मथुरा रोड स्थित अग्र वाटिका में महाराजा अग्रसेन का विधिपूर्वक पूजन किया जायेगा। यह होंगे कार्यक्रम गिरीश सर्राफ ने बताया 12 अक्टूबर को नर सेवा नारायण सेवा को समर्पित प्रभुमन सेवा प्रसादी का आयोजन चैतन्य विहार स्थित अपना घर आश्रम में किया जायेगा। 13 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन गणेषीलाल अग्रवाल अतिथि गृह में महेश अग्रवाल द्वारा स्व. सुरेशचंद अग्रवाल की स्मृति में किया जायेगा। समिति के सचिव गौरव अग्रवाल ने बताया कि 14 अक्टूबर को भव्य अग्रसेन मेला का आयोजन छटीकरा रोड स्थित आनंदा वैली में होगा। मेले में अग्र गौरव सम्मान, माधवी अग्रशक्ति द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, बच्चों के लिए गेम जोन, विविध बुटीक एवं फूड स्टॉल होंगे। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी तथा अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों के अलावा लकी ड्रा विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।

