अखिलेश के पास अब कुछ नहीं बचा- राज्यमंत्री राकेश राठौर:फर्रुखाबाद में समाज के लोगों से नाम के आगे ‘तेली’ लगाने की अपील

अखिलेश के पास अब कुछ नहीं बचा- राज्यमंत्री राकेश राठौर:फर्रुखाबाद में समाज के लोगों से नाम के आगे ‘तेली’ लगाने की अपील

फर्रुखाबाद के बढ़पुर स्थित गेस्ट हाउस में रविवार को राठौर साहू समाज का 35वां वार्षिक अधिवेशन और मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर उर्फ गुरु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाज के 328 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम शाम चार बजे तक चला। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को सम्मानित होते देखकर राज्यमंत्री ने खुशी जताई और समाज के लोगों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की। शिक्षा और समाज की भागीदारी पर दिया जोर राज्यमंत्री राकेश राठौर ने कहा कि दूसरे जिलों के कार्यक्रमों में उन्हें 14-15 से अधिक बच्चों को सम्मानित करने का अवसर नहीं मिला, जबकि फर्रुखाबाद में 328 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान होना समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षा बेहद जरूरी है और हर बच्चे को पढ़ाई का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से अपने नाम के आगे ‘तेली’ लगाने की अपील की, ताकि समाज से उनकी पहचान स्पष्ट हो सके। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर पूछा कि तेली समाज के कितने राठौर हैं। इस पर उपस्थित लोगों ने हाथ उठाया। बोले- समाज को जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी मिले राज्यमंत्री ने कहा कि उनके मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के अलावा किसी अन्य दल ने तेली समाज के महत्व को नहीं समझा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने उन्हें चुनाव लड़ने और विधायक बनने का अवसर दिया, जिसके बाद वह सरकार में मंत्री बने। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी तेली समाज से आते हैं, लेकिन समाज को जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में तेली समाज की आबादी करीब चार प्रतिशत होने का दावा करते हुए उसी अनुपात में प्रतिनिधित्व की मांग की। फर्रुखाबाद का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले में समाज के केवल एक मंडल अध्यक्ष और एक जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने समाज के लोगों से सक्रियता बढ़ाने और संगठन में अपनी भागीदारी मजबूत करने का आह्वान किया। अखिलेश की पीडीए यात्रा और नीले गमछे पर तंज पीडीए यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश राठौर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास अब कुछ नहीं बचा है और पीडीए यात्रा निकालने से भी कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 में सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव ने पीडीए को महत्व नहीं दिया और उस समय उनके साथ गुंडे-बदमाश जुड़े हुए थे। राज्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को “गुंडा मुक्त” बताते हुए कहा कि अपराधी या तो प्रदेश से बाहर हैं या जेल में। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की यात्राएं यात्रा तक ही सीमित रहेंगी। नीले गमछे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कुछ भी पहनें, उनके पास अब कुछ नहीं बचा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं और उन्हें जमीन पर उतारा जाता है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पूछे गए सवाल पर राज्यमंत्री ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *