महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के पास एक गुरुद्वारे में बृहस्पतिवार को शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर कथित रूप से हमला करने वाला व्यक्ति पिछले दो वर्षों से वहां ‘सेवादार’ के रूप में काम कर रहा था और पुणे का रहने वाला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बादल पर कृपाण से कथित तौर पर हमला करने के बाद उसने कहा, ‘‘मैं आत्मसमर्पण करता हूं, मैं आत्मसमर्पण करता हूं।’’
इससे पहले पुलिस ने बताया था कि हमलावर सिखों के ‘निहंग’ संमुदाय से जुड़ा है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह की उम्र 60 से 62 वर्ष के बीच है और वह गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सेवादार या स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहा था। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया, लेकिन बादल पर हमला करने के उसके वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता भी पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सुखबीर सिंह बादल की हालत स्थिर है। एसपी रोहन ने बताया कि जसपाल सिंह के पास कॉमर्स और कानून की डिग्रियां हैं और वह अपने परिवार के साथ पुणे में रहता है। हालांकि, वह नांदेड़ में अकेला रह रहा था।
उन्होंने कहा, “हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। हम उसकी पृष्ठभूमि की जांच कर रहे हैं… शुरुआत में उसने कहा कि वह पंजाब में नशे की समस्या को लेकर नाराज था। लेकिन हमले का वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।
हमें हमलावर के किसी गिरोह से संबंध या आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में भी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।’’
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर करीब अपराह्न 1:45 बजे नांदेड़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में हमला किया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके दाहिने हाथ में दो से तीन टांके लगाए गए। नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर अपचलनगर साहिब गुरुद्वारे के पूर्व सचिव रविंदर सिंह बुंगई ने कहा कि जब यह घटना हुई, तब वह मौके पर मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘वह (बादल) उस स्थान पर पहुंच गए थे, जहां श्रद्धालु अपने पैर धोते हैं। हमला अचानक हुआ और किसी के कुछ समझ पाने से पहले ही यह घटना हो गई। हमले के बाद (आरोपी) जसपाल सिंह ने कहा, ‘‘मैं आत्मसमर्पण करता हूं… मैं आत्मसमर्पण करता हूं।’’
बुंगई ने कहा, ‘‘यह शर्मनाक है कि जब कोई व्यक्ति गुरुद्वारे में दर्शन के लिए गया था, तब ऐसी घटना हुई, वह भी ‘जेड-प्लस’ सुरक्षा के बीच।’’
उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के सिख समुदाय ने इस हमले की निंदा की है।
एटीएस की एक टीम ने पुणे में जसपाल सिंह के घर जाकर पूछताछ की। एटीएस अधिकारियों के अनुसार, सिंह की पत्नी और एक विवाहित बेटी है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी फिलहाल अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रही हैं।


