भास्कर न्यूज | बालोद जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को यातायात कार्यालय बालोद के सामने स्वस्थ शरीर रखे स्वस्थ मन, स्वस्थ मन रखे सुरक्षित जन थीम पर जुम्बा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जुम्बा प्रशिक्षक धीरज शर्मा के मार्गदर्शन में लगभग 225 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। जुम्बा कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है तथा स्वस्थ मन से वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का सही ढंग से पालन किया जा सकता है। सभी लोगों को वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के लिए सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त कोबा मेला मंडई सहित जुंगेरा, जगन्नाथपुर, सांकरा, अर्जुन्दा, सुरेगांव, भंडेरा, भेंड़ी एवं मालीघोरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा पंपलेट वितरित कर नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिजनों व अन्य लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।


