IPL में युवराज सिंह के नाम है डेढ़ दशक पुराना रिकॉर्ड, जिसे आज तक नहीं तोड़ सका कोई खिलाड़ी

IPL में युवराज सिंह के नाम है डेढ़ दशक पुराना रिकॉर्ड, जिसे आज तक नहीं तोड़ सका कोई खिलाड़ी

Yuvraj Singh unbeaten record in IPL: क्रिकेट की दुनिया में युवराज सिंह का नाम सुनते ही दिमाग में छक्कों की बारिश और कई बार मैचों को मुश्किल स्तिथि से अपनी टीम की तरफ मोड़ लेने वाले एक आक्रामक बल्लेबाज की छवि उभरती है। लेकिन बाएं हाथ का यह धाकड़ बल्लेबाज सिर्फ रनों के लिए नहीं, बल्कि एक ऐसे गेंदबाजी रिकॉर्ड के लिए भी आईपीएल के इतिहास में अमर है जो आज भी किसी खिलाड़ी की पहुंच से दूर है।

युवराज सिंह एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईपीएल के एक ही सीजन में दो हैट्रिक लिए हैं। यह कारनामा उन्होंने 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेलते हुए किया था। डेढ़ दशक बाद भी यह रिकॉर्ड बरकरार है और कोई स्पेशलिस्ट गेंदबाज भी इस मुकाम तक नहीं पहुंच सका है।

पहली हैट्रिक – 1 मई, 2009

आईपीएल का दूसरा सीजन दक्षिण अफ्रीका में खेला जा रहा था और किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) के खिलाफ डरबन के किंग्समीड मैदान पर था। युवराज सिंह ने 12वें ओवर में रॉबिन उथप्पा और जैक्स कालिस को लगातार आउट किया, फिर 14वें ओवर की पहली गेंद पर मार्क बाउचर को पवेलियन भेजकर अपना पहला आईपीएल हैट्रिक पूरा किया। इस मैच में युवराज ने बल्ले से भी 50 रन ठोके, लेकिन किंग्स इलेवन फिर भी यह मुकाबला 8 रन से हार गई।

दूसरी हैट्रिक – 17 मई 2009

जोहानिसबर्ग के न्यू वांडरर्स स्टेडियम में युवराज सिंह ने डेक्कन चार्जर्स (DC) के खिलाफ अपना दूसरा हैट्रिक हासिल किया। इस बार उनके शिकार बने दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एंड्र्यू साइमंड्स और भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी वेणुगोपाल राव। इस हैट्रिक के बाद युवराज ने मजाकिया लहजे में कहा था कि शायद उन्हें बल्लेबाजी छोड़कर गेंदबाजी शुरू कर देनी चाहिए। उनके इस स्पेल के आंकड़े 4-0-13-3 रहे, जिसने चार्जर्स की चेज बीच में ही ध्वस्त कर दी। किंग्स इलेवन पंजाब ने यह रोमांचक मुकाबला महज एक रन से जीता और युवराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

23 गेंदबाज ले चुके हैं आईपीएल हैट्रिक

आईपीएल के इतिहास में अब तक कुल 23 हैट्रिक दर्ज हो चुके हैं। 10 मई 2008 को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लक्ष्मीपति बालाजी ने आईपीएल का पहला हैट्रिक किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ लिया था। उनके शिकार बने इरफान पठान, पीयूष चावला और वीआरवी सिंह। इसी सीजन में अमित मिश्रा और मखाया एनटिनी ने भी हैट्रिक लिए।

2009 में युवराज के दो हैट्रिक के अलावा रोहित शर्मा ने भी डेक्कन चार्जर्स की तरफ से मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ हैट्रिक लिया। 2010 में प्रवीण कुमार ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर बेंग्लुरु की टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई।

अमित मिश्रा आईपाएल में सर्वाधिक तीन हैट्रिक लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं, 2008, 2011 और 2013 में। इसके अलावा अजित चांदिला (2012), सुनील नरेन (2013), शेन वॉटसन व प्रवीण टांबे (2014), अक्षर पटेल (2016), सैमुएल बद्री, एंड्र्यू टाई व जयदेव उनादकट (2017), सैम करन व श्रेयस गोपाल (2019), हर्षल पटेल (2021) और युजवेंद्र चहल (2022) ने भी आईपीएल में हैट्रिक ली है।​​​​​​​​​​​​​​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *