कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर पीटने का आरोप लगाया है। पिटाई से युवक की जांघ की हड्डी टूट गई। यह घटना तब हुई जब युवक अपने पिता के एक्सीडेंट में मृत्यु होने की घटना की जांच और जानकारी लेने थाने पहुंचा था। धनुवारपारा (रानी रोड) निवासी राजेश मतवानी ने आरोप लगाया है कि कोतवाली थाने के 4-5 पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर गालियां दीं और लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की। पिटाई इतनी जोरदार थी कि उसके बाएं पैर की जांघ की हड्डी (फीमर बोन) टूट गई है। युवक को तुरंत कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्याय की मांग ही बन गई दर्द की वजह युवक 2022 में हुई अपने पिता की सड़क दुर्घटना की जांच और कार्यवाही की जानकारी लेने कोतवाली थाना गया था। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे लंबे समय से पुलिस से जांच के नाम पर गुमराह किए जा रहे थे। युवक ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और कार्यवाही की मांग की थी। प्लास्टिक के पाइप और पट्टे से पिटा पीड़ित के चाचा श्रीचंद मतवानी ने पुलिस अधीक्षक (SP) को एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घायल युवक ने बताया कि प्लास्टिक के पाइप और पट्टे से पिटाई करने के बाद उसके पैर को मोड़ दिया गया, वो दर्द से कराहता रहा। इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित युवक के परिवार वालों ने एसपी से शिकायत की है। कोरबा एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जिसके बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। एक टीम भी गठित की गई है।


