कुशीनगर में पुरानी रंजिश के चलते एक दोस्त ने अपने ही दोस्त पर केमिकल अटैक कर दिया। इस हमले में पीड़ित दुर्गेश प्रसाद का चेहरा बुरी तरह झुलस गया और उसकी आंखों की रोशनी चली जाने की बात परिजनों ने बताई है। घटना 2 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गोड़रिया बाजार में हुई। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बंगाली पट्टी गांव निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश प्रसाद को उसके दोस्त दूधनाथ प्रसाद (20) ने शराब पिलाने के बहाने बुलाया था। दूधनाथ उसे गोड़रिया बाजार ले गया, जहां कथित तौर पर शराब पीने के बाद उसने दुर्गेश के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। केमिकल पड़ते ही दुर्गेश की आंखों की रोशनी चली गई और उसका पूरा चेहरा झुलस गया। वारदात के बाद आरोपी दूधनाथ प्रसाद दुर्गेश को रास्ते में ही बाइक से छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद दुर्गेश के परिजनों को घटना की सूचना मिली। दुर्गेश का भाई खोजबीन करते हुए मौके पर पहुंचा, जहां दुर्गेश गंभीर हालत में मिला। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्गेश प्रसाद और दूधनाथ प्रसाद आपस में दोस्त थे। लगभग एक साल पहले दुर्गेश द्वारा अपना ईयरफोन वापस मांगने पर दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद से उनमें पुरानी रंजिश चल रही थी। इस मामले में विशुनपुरा थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि केमिकल अटैक करने वाले आरोपी दूधनाथ प्रसाद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पीड़ित दुर्गेश के पिता गेंदा प्रसाद ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दुर्गेश अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर का है।


