नवाबगंज में होलिका दहन की तैयारी के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बीती रात मोहम्मदपुर बुकचिया गांव में हुई। गांव के ही गुड्डा पुत्र तिलक राम ने अनुसूचित जाति के युवक रामबाबू को गोली मारी। बताया जा रहा है कि रामबाबू जंगल से होलिका दहन के लिए लकड़ी लेकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान आरोपी गुड्डा ने उन पर फायर कर दिया। गोली रामबाबू के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी कार से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामबाबू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने रामबाबू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिसके बाद उन्हें बरेली भेजा गया। यह घटना बीती रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। हलका इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गुड्डा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


