प्रयागराज के धूमनगंज स्थित जयरामपुर मोहल्ले में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और पथराव के बीच हुई फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। घटना के समय गोली लगने की पुष्टि नहीं हो पाई थी, लेकिन अस्पताल में एक-रे के बाद यह बात साफ हुई की युवक कमरे में गोली लगने से घायल हुआ है। इस मामले में छह लोगों को नामजद किया गया है। घायल युवक सौरभ को इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर धूमनगंज थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। क्या है पूरा मामला? देर रात जयरामपुर में कुछ लोगों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग भी हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया था। रविवार तड़के सौरभ की मां गीता थाने पहुंचीं और तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे को कमर में गोली मारी गई है। उन्होंने आरोपितों के नाम भी पुलिस को बताए। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश जारी तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दो लोगों को हिरासत में लिया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें सौरभ को गोली लगी। आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


