राजस्थान दिवस को लेकर जिला प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर में विकसित राजस्थान रन का आयोजन किया गया। स्वस्थ और समृद्ध प्रदेश का संदेश देने के लिए आयोजित इस दौड़ में युवाओं के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। दौड़ की शुरुआत रविवार सुबह शहर के कुशलबाग मैदान से हुई। जिला कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागी स्वस्थ राजस्थान-विकसित राजस्थान के नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। युवाओं का जोश देखते ही बनता था, जो उत्साह के साथ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ। स्वास्थ्य के लिए जागरूक किया इस आयोजन में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस मौके पर कहा कि इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


