औरैया जिले में एक ट्रैक्टर पलटने से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना 18 मार्च 2026 की शाम सोंथरा अड्डा के पास हुई थी। पहले एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल ने रात में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, सोंथरा थाना क्षेत्र के सोंथरा गांव निवासी विजेंद्र पाल सिंह की सोंथरा अड्डा पर बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। 18 मार्च की शाम करीब 7 बजे, विजेंद्र पाल सिंह के पुत्र मनीष सिंह, बीकेश सिंह उर्फ बंटू और महेश सिंह एक महिंद्रा ट्रैक्टर (265, बिना नंबर) को खाली ट्रॉली के साथ लेकर गांव सोंथरा जा रहे थे। मुख्य मार्ग से गांव की ओर मुड़ते समय मोड़ पर ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में बीकेश सिंह और महेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चला रहे मनीष कुमार को कोई चोट नहीं आई। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहार ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने करीब 42 वर्षीय बीकेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। महेश सिंह को सामान्य चोटें थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। हालांकि, रात में महेश सिंह की हालत बिगड़ गई और उनकी भी मृत्यु हो गई। सहार थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि महेश सिंह के शव का भी पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


