भदोही के औराई कोतवाली क्षेत्र के उगापुर स्थित सरौली गांव निवासी शुभम तिवारी (30) की मुंबई में हत्या कर दी गई है। यह घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे मुंबई के नालासोपारा इलाके में हुई। शुभम का खून से लथपथ शव बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, शुभम को शराब पिलाने के बाद चाकू से गोदकर बेरहमी से मार डाला गया। मृतक के शरीर पर कई गहरे घाव मिले हैं, जिनमें पीठ पर 11 बार चाकू से वार, पेट, हाथ और माथे पर चोटें शामिल हैं। पुलिस के माध्यम से घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई विशाल तिवारी और विकास तिवारी मुंबई पहुंचे और शव की शिनाख्त की। विशाल तिवारी ने मुंबई पुलिस में 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे एम्बुलेंस से शुभम का शव औराई के उगापुर सरौली गांव पहुंचा। शुभम अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था और पिछले दो साल से मुंबई के नालासोपारा में पेंटिंग का काम कर रहा था। शुभम के साथ पेंटिंग का काम करने वालों में पवन उर्फ बऊ, विजय, हरिश्चंद्र, गेदुर, जय बिंद (सभी सरौली उगापुर, औराई निवासी) तथा संतोष सिंह और पिंटू सिंह (जगदीशपुर सुरेरी, जौनपुर निवासी) शामिल थे। मृतक के पिता कृपाशंकर तिवारी ने भी चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभम की सैलरी करीब दो वर्षों से रुकी हुई थी और मांगने पर टाल-मटोल किया जाता था। पिता के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे नालासोपारा पुलिस के माध्यम से उन्हें बेटे की हत्या की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि शुभम के चेहरे, पेट और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे और जिस कमरे में शव मिला, वहां चारों ओर खून फैला हुआ था।
घटना के बाद मृतक के बड़े भाई विशाल तिवारी ने मौके पर पहुंचकर एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम के बाद मुंबई पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद एम्बुलेंस से बृहस्पतिवार को शव पैतृक गांव औराई के सरौली उगापुर लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बृहस्पतिवार को शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों के साथ परिजनों ने औराई थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बृहस्पतिवार को ही भोगांव गंगा घाट पर शुभम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।


